चार साल बेमिसाल: हरिद्वार में विकास योजनाओं का भव्य प्रदर्शन, लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद हरिद्वार में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम भव्यता के साथ आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में जनसमूह की सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन वर्चुअल माध्यम से लाइव देखा, जिसमें उन्होंने सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियों और ऐतिहासिक कार्यों की जानकारी साझा की।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बीते चार वर्षों में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंच रहा है, जिससे आमजन का जीवन स्तर बेहतर हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए हैं, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की गई हैं तथा लघु एवं बड़े उद्योगों को प्रोत्साहन देकर प्रदेश के विकास को नई दिशा दी गई है। साथ ही, वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है।
कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल ने महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी बढ़ती भागीदारी को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। वहीं राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका “संकल्प से सिद्धि: विकसित उत्तराखंड” का विमोचन किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।
सहकारिता विभाग द्वारा 50 लाभार्थियों को 56.13 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। 14 हस्तशिल्प एवं हथकरघा कारीगरों को सम्मानित किया गया, 40 महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई, 9 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मुद्रा लोन के चेक प्रदान किए गए।
इसके अलावा, खेल विभाग द्वारा आयोजित मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों ने निरीक्षण कर आमजन को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने भी सभी उपस्थित लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और फोटो प्रदर्शनी ने भी आकर्षण बढ़ाया। संचालन नरेश चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।









