संकल्प से सिद्धि की ओर उत्तराखंड, 1.11 लाख करोड़ का बजट विकास की नई दिशा तय करेगा: डॉ. नरेश बंसल
राजेश पसरीचा उत्तराखंड प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। उत्तराखंड। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami द्वारा वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रस्तुत ₹1,11,703.21 करोड़ के बजट को भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद Naresh Bansal ने “संकल्प से सिद्धि” की दिशा में बढ़ता हुआ विकासोन्मुख और दूरदर्शी बजट बताया है।
डॉ. बंसल ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य ने अपनी यात्रा ऋण लेकर शुरू की थी, आज उसका बजट ₹1.11 लाख करोड़ से अधिक पहुंच चुका है, जो प्रदेश की मजबूत आर्थिक स्थिति और विकास की रफ्तार को दर्शाता है। डॉ. बंसल ने कहा कि इस बजट में युवाओं के लिए ₹60 करोड़ की स्वरोजगार योजना का प्रावधान किया गया है, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे। वहीं महिलाओं के लिए नंदा गौरा योजना के तहत ₹220 करोड़ का प्रावधान कर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि बजट में दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था के लिए ₹1827.91 करोड़ तथा शहरी विकास के लिए ₹1401.85 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे प्रदेश के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों का संतुलित विकास सुनिश्चित होगा और लोगों को स्वच्छ पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
डॉ. बंसल ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए उनकी पेंशन ₹4500–6000 से बढ़ाकर ₹5500–7000 करने का प्रस्ताव स्वागत योग्य कदम है। इससे आंदोलनकारियों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता झलकती है। उन्होंने कहा कि बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा के लिए ₹542.84 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जो शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में सहायक होगा। पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है और बजट में इसे और सशक्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
डॉ. बंसल ने बताया कि बजट 2026–27 में सबसे अधिक ₹2501.91 करोड़ लोक निर्माण विभाग (PWD) के लिए निर्धारित किए गए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, भारी वर्षा और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण हर वर्ष सड़कों और पुलों को नुकसान होता है। इस बजट से नई सड़कों का निर्माण, पुराने पुलों की मरम्मत और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे चारधाम यात्रा मार्गों के विस्तार और ऑल वेदर रोड परियोजना को भी गति मिलेगी, जिससे पर्यटन और व्यापार दोनों को लाभ होगा।
डॉ. बंसल ने कहा कि यह बजट प्रदेश के समग्र विकास, कौशल विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने वाला है। इसमें युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस बजट के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2026–27 का यह बजट “विकसित उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी, सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी बजट है, जो प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।









