पत्रकारों की हर समस्या के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध: केएस चौहान
हल्द्वानी मीडिया सेंटर में पत्रकारों से संवाद, मान्यता, चिकित्सा व अन्य सुविधाओं पर हुई चर्चा
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) हल्द्वानी। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने कहा कि प्रदेश के पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर विभाग संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है और मान्यता नवीनीकरण सहित विभिन्न मामलों में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। गुरुवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में आयोजित बैठक में संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने मीडिया कर्मियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के पत्रकारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार लगातार ठोस प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में ही वरिष्ठ अधिकारियों को पत्रकारों के बीच जाकर उनकी समस्याएं जानने और उनका समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। बैठक के दौरान चौहान ने बताया कि पत्रकार मान्यता नवीनीकरण से संबंधित मामलों को विभाग ने गंभीरता से लिया है और जल्द ही इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक आश्रित पत्रकार परिवारों को आर्थिक सहायता देने से जुड़े सभी मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यदि किसी पत्रकार को पत्रकार कल्याण कोष से सहायता प्राप्त नहीं हो पा रही है तो ऐसे मामलों में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार प्रस्ताव भेजना आवश्यक होगा।
बैठक में पत्रकारों ने चिकित्सा सुविधा, पत्रकार मान्यता प्रदान करने की प्रक्रिया को सरल बनाने, मान्यता प्राप्त पत्रकारों को ऋण योजना का लाभ देने, राज्य अतिथि गृहों में तत्काल आरक्षण की व्यवस्था लागू करने, पत्रकारों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण देने, पूर्व में लागू रेलवे आरक्षण सुविधा पुनः शुरू करने तथा टोल प्लाजा में छूट देने जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इसके साथ ही जिला पत्रकार स्थायी समिति में जिले के सभी क्षेत्रों के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सदस्य के रूप में शामिल करने की मांग भी रखी गई। संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने आश्वासन दिया कि सूचना विभाग के स्तर पर निस्तारित होने वाली समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य विभागों से संबंधित विषयों पर शासन स्तर पर पत्राचार कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक का संचालन जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी ने किया। इस अवसर पर सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित हल्द्वानी, रामनगर और लालकुआं क्षेत्र के पत्रकार तथा सूचना विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।








