बाबा हरदेव सिंह जी के जन्मोत्सव पर बाणगंगा में भव्य जल-स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। बाबा हरदेव सिंह जी के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर लक्सर क्षेत्र की पौराणिक पश्चिम वाहिनी बाणगंगा नदी में संत निरंकारी मिशन के सेवादारों द्वारा एक भव्य जल-स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में लक्सर क्षेत्र की चार शाखाओं के सैकड़ों सेवादारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उल्लेखनीय है कि पश्चिम वाहिनी बाणगंगा का संबंध महाभारत काल से जोड़ा जाता है और इसे धार्मिक व ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस पवित्र धरोहर के संरक्षण एवं स्वच्छता के उद्देश्य से मिशन के सेवादारों ने श्रमदान करते हुए नदी तट और जलधारा की व्यापक सफाई की। अभियान के दौरान लक्सर नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार ‘नीटू’ सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। वहीं लक्सर विधायक ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए सेवादारों के प्रयासों की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। सत्संग व भंडारे का आयोजन, सफाई अभियान के उपरांत मिशन द्वारा आयोजित सत्संग में महिलाओं सहित सभी सेवादारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सत्संग के माध्यम से मानवता, सेवा, स्वच्छता एवं आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। प्रवचनों में बाबा हरदेव सिंह जी की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। सत्संग के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं सेवादारों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में अनुशासन, समानता और सेवा-भाव का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला। कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. सोम सिंह के नेतृत्व में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए मिशन के सेवा-भाव की प्रशंसा की। इस अवसर पर एडवोकेट नरेंद्र सिंह (मुखी, ब्रांच लक्सर) ने कहा बाबा हरदेव सिंह जी की शिक्षाएं सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का मार्ग दिखाती हैं। जल-संरक्षण जैसे अभियानों के माध्यम से हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दे रहे हैं। वहीं डॉ. सतीश कुमार (शाहपुर मुख) ने कहा स्वच्छता जल ही स्वस्थ जीवन की नींव है। ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। गंभीर सिंह (संचालक, लक्सर ब्रांच) ने बताया कि मिशन द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर भविष्य में भी निरंतर अभियान चलाए जाते रहेंगे।
बड़ी संख्या में सेवादारों की सहभागिता कार्यक्रम में सहायक संचालिका राजदुलारी, शिक्षिका बबीता, शिक्षक रामकुमार, सहायक शिक्षक सुंदर, लाभ सिंह (शेरपुर बेला), डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सोम सिंह, डॉ. वास्तव, नरेश पाल चौधरी सहित अनेक सेवादारों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, सेवा-भाव और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जिसने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया। मिशन के सेवादारों ने संकल्प दोहराया कि स्वच्छ जल, स्वस्थ जीवन और स्वच्छ समाज के उद्देश्य के साथ ऐसे जनकल्याणकारी अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।









