हरिद्वार

हरिद्वार जनपद टीबी मुक्त बनने की ओर: “टीबी हटेगा, देश जीतेगा”

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। विश्व क्षय रोग दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनपद हरिद्वार में टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। रोशनाबाद कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी परिसर में आयोजित “टीबी मुक्त ग्राम पंचायत–ग्राम प्रधान सम्मान समारोह एवं 100 दिवसीय विशेष अभियान” का उद्घाटन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद में टीबी मुक्त बनाने के लिए ग्राम स्तर तक प्रभावी कार्ययोजना लागू करना और जनभागीदारी बढ़ाना था। उद्घाटन समारोह में टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों, वेलेंटियर्स, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग की टीम को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि मदन कौशिक ने कहा, “टीबी हटेगा, देश जीतेगा” केवल एक नारा नहीं बल्कि संकल्प है। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों, वेलेंटियर्स और स्वास्थ्य विभाग की टीम की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उनके संयुक्त प्रयासों से ही टीबी के खिलाफ लड़ाई मजबूत हो रही है। उन्होंने जनपद की 37 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त करने के प्रयासों की भी प्रशंसा की और टीम को बधाई दी।

मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक रणनीति लागू की जा रही है। उन्होंने सभी विभागों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि 100 दिवसीय अभियान मिशन मोड में संचालित किया जाए। उन्होंने बताया कि समय पर जांच, उपचार और जागरूकता ही टीबी नियंत्रण के सबसे प्रभावी साधन हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने कहा कि जनपद में टीबी के मरीजों की सक्रिय खोज, निशुल्क जांच और उपचार की सुविधा लगातार उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि 37 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त किया गया है, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 ग्राम प्रधानों को सिल्वर ट्रॉफी और 27 ग्राम प्रधानों को कांस्य ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने विशेष अभियान के तहत संभावित मरीजों की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर सुल्तानपुर सबतवाली के ग्राम प्रधान श्रवण कुमार ने क्षय उन्मूलन के महत्व पर अपने विचार साझा किए। समारोह में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, डॉ. रमेश कुंवर, शादाब सिद्दीकी, स्वास्थ्य अधिकारी बहादराबाद आरती बहल, स्वास्थ्य अधिकारी भगवानपुर अनुज सिद्दिकी सहित जनप्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वेलेंटियर्स उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button