हरिद्वार पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, BDS टीम कर रही शहर में सघन चेकिंग
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशानुसार पुलिस विभाग ने शहर में सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित BDS (बम डिटेक्शन और सुरक्षा) चेकिंग अभियान शुरू कर रखा है। टीम ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज़ बस स्टैंड, हरकी पैड़ी और शहर के सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार निरीक्षण और निगरानी तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा के हर पहलू पर खास ध्यान दिया जा रहा है। टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर नजर रख रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध कुंभ नगरी को सुरक्षित बनाना हर नागरिक और पुलिस का साझा कर्तव्य है। हरिद्वार पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा में सहयोग करें। यदि कोई संदिग्ध वस्तु, पैकेज या गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत 112 पर सूचना दें। इससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि कुंभ नगरी में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
पुलिस ने यह भी बताया कि इस अभियान के दौरान संदिग्ध वस्तुओं की जाँच, वाहनों की तलाशी और सभी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी सतत जारी रहेगी।









