बागेश्वर

एसपी आवास पर बिखरे होली के रंग, जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान ने जवानों संग थिरक कर बढ़ाया उत्साह

राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) बागेश्वर। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के आवास पर उल्लास और आत्मीयता का अनूठा संगम देखने को मिला। एसपी मेहरा ने खाकी के अनुशासन के बीच होली की मस्ती घोलते हुए अपने मातहत अधिकारियों और जवानों के साथ पारंपरिक अंदाज में गुलाल की होली खेली।

इस उत्सव की रौनक तब और बढ़ गई जब पुलिस अधीक्षक होली की शुभकामना देने जिलाधिकारी बागेश्वर श्रीमती आकांक्षा कोंडे के आवास पहुंचे। एसपी मेहरा ने जिलाधिकारी को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। वहीं जिलाधिकारी ने समस्त पुलिस परिवार को होली की शुभकामनाएं देते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

होली के पारंपरिक गीतों और कुमाऊंनी धुनों पर जब ढोल-दमाऊ बजे, एसपी भी खुद को रोक न पाए और जवानों के साथ कदम से कदम मिलाकर जमकर नृत्य किया। अधिकारियों का यह अपनत्व देख जवानों का उत्साह दोगुना हो गया।

एसपी जितेन्द्र मेहरा ने इस मौके पर कहा कि जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए हमारे जवान दिन-रात मुस्तैद रहते हैं। उन्होंने जवानों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें पर्व की बधाई दी। हंसी-खुशी और आपसी भाईचारे के साथ रंगों का यह उत्सव संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button