एसएसपी के निरीक्षण के बाद एक्शन में खानपुर पुलिस, तमंचा सप्लायर गिरफ्तार
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। खानपुर थाना क्षेत्र में एसएसपी नवनीत सिंह के सख्त निर्देशों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। शुक्रवार को निरीक्षण के बाद हरकत में आई खानपुर पुलिस ने यूपी, उत्तराखंड बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। बता दे खानपुर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी भागने में कामयाब रहा, जबकि दूसरे को पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3 देशी तमंचे और 40 जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमशेर निवासी करणपुर, थाना खानपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये हथियार मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र से लेकर आया था और हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, अन्य थानों से मिली जानकारी में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी पथरी क्षेत्र में अवैध तमंचों की सप्लाई कर चुका है। फिलहाल खानपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका आपराधिक इतिहास खंगालना शुरू कर दिया है, वहीं फरार साथी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।









