उत्तराखंड

जान से मारने पर दो लाख का इनाम, व्यूज और रीच बढ़ाने को लेकर दी धमकी, कोटद्वार पुलिस ने तत्परता से की कार्रवाई

राजेश पसरीचा उत्तराखंड प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) कोटद्वार। सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले में पौड़ी पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। यह वीडियो व्यूज और रीच बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्ट किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 08 फरवरी 2026 को दीपक कुमार निवासी कोटद्वार द्वारा कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए ₹2 लाख का इनाम घोषित करने संबंधी पोस्ट वायरल की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी पुलिस ने तत्काल कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ की। तकनीकी साक्ष्यों एवं आवश्यक सूचनाओं के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने उक्त आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले युवक की पहचान उत्कर्ष कुमार निवासी मोतीहारी, बिहार के रूप में की। इसके बाद पौड़ी पुलिस द्वारा बिहार पुलिस से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की गई। बिहार पुलिस के सहयोग से आरोपी युवक को नजदीकी थाने लाकर पूछताछ की गई। वहीं इस बाबत पर कोटद्वार कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि उसके सोशल मीडिया फॉलोवर नहीं बढ़ रहे थे, जबकि दीपक नामक व्यक्ति सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा था। इसी कारण उसने केवल अपने सोशल मीडिया चैनल की व्यूज और रीच बढ़ाने के उद्देश्य से यह धमकी भरा पोस्ट किया था। युवक ने यह भी बताया कि वीडियो में दी गई जान से मारने की धमकी का कोई वास्तविक आपराधिक इरादा नहीं था। फिलहाल पौड़ी पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button