लक्सर का फ्लाईओवर बना हादसों का ‘डेथ ट्रैप’
टूटी सड़क और बाहर निकला सरिया दे रहा बड़े हादसे को दावत

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर नगर के बीचों-बीच बना फ्लाईओवर इन दिनों लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है। फ्लाईओवर की सड़क जगह-जगह से पूरी तरह टूट चुकी है और सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं।

इतना ही नहीं, सड़क के अंदर लगा लोहे का सरिया भी बाहर निकल आया है, जो कभी भी किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है। हैरानी की बात यह है कि रोजाना हजारों वाहन इस फ्लाईओवर से गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक इस गंभीर समस्या से बेखबर बने हुए हैं।

बता दे लक्सर नगर में बना यह फ्लाईओवर, जो कभी लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया था, अब खतरे का सबब बनता जा रहा है। फ्लाईओवर की सड़क कई जगह से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। फ्लाईओवर पर बीच मे बने गहरे गड्ढे के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति इतनी खराब हो चुकी है की सड़क के अंदर लगा लोहे का सरिया भी बाहर दिखाई देने लगा है। तेज रफ्तार में गुजरने वाले वाहनों के लिए यह किसी मौत के जाल से कम नहीं है। खासकर रात के समय यह गड्ढे और बाहर निकला सरिया वाहन चालकों के लिए और भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि तहसील प्रशासन से लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी रोजाना इसी फ्लाईओवर से होकर गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक इसकी मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यहा कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन समय रहते इस खतरनाक फ्लाईओवर की सुध लेगा, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी।









