नए साल पर नशे के खिलाफ लक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अलग-अलग गांवों से 14 तस्कर गिरफ्तार, शराब बरामद

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर । नए साल के मौके पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नशे पर लगाम कसने के लिए लक्सर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार किया है। पुलिस ने अलग-अलग गांवों में दबिश देकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 150 लीटर कच्ची शराब बरामद की है जानकारी के अनुसार, कोतवाली लक्सर पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाए जाने और उसकी बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। नए साल के जश्न के दौरान शराब के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इसी अभियान के तहत पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी लक्सर कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से कच्ची शराब के साथ-साथ शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण भी जब्त किए हैं। लक्सर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब न केवल कानून व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि लोगों की सेहत के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









