खेलों का महाकुंभ: हरिद्वार मे 14 टीमों के 218 खिलाड़ी मैदान में, तीन दिन चलेगा रोमांचक मुकाबलों का दौर
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक


हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। पुलिस लाइन रोशनाबाद में गुरुवार को 24वीं उत्तराखण्ड प्रादेशिक अन्तर्जनपदीय-वाहिनी पुलिस वालीबॉल एवं सेपक टाकरा प्रतियोगिता-2026 का रंगारंग शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई पुलिस टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों के शानदार मार्च पास से हुई, जिसने परेड ग्राउंड में मौजूद दर्शकों को खासा प्रभावित किया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल स्वस्थ जीवन का आधार हैं और यह अनुशासन, टीम भावना एवं मानसिक दृढ़ता को विकसित करते हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने भी खिलाड़ियों और कोचों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों के 218 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं, जो आगामी तीन दिनों तक अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम का निर्णय किया जाएगा।









