लक्सर

महंत की गुमशुदगी निकली हत्या, दंपत्ति समेत तीन गिरफ्तार

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस ने अपने पहले बड़े खुलासे में महंत की गुमशुदगी को हत्या में तब्दील होने का सनसनीखेज मामला उजागर किया है। थाना भगवानपुर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने दंपत्ति सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर शव और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। बता दे कि बीती कि मोहम्मद बेगपुर उर्फ टकाभरी निवासी श्याम सिंह ने 10 फरवरी 2026 को भगवानपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि रविदास आश्रम में रहने वाले महंत बृजेश दास 5 फरवरी से लापता हैं। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला कि महंत का संपर्क बागपत निवासी एक महिला से था और आखिरी बार उसी से मोबाइल पर बात हुई थी। पुलिस ने महिला और उसके पति से कड़ाई से पूछताछ की तो पूरा घटनाक्रम सामने आ गया। पुलिस के अनुसार महिला ने बताया कि महंत का उनके घर आना-जाना था। महिला का आरोप है कि वह उसे मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान कर रहा था और अनावश्यक दबाव बना रहा था। इसी से तंग आकर 5 फरवरी को महिला ने महंत को घर बुलाया और पूर्व नियोजित योजना के तहत उसके पति ने कुल्हाड़ी से वार कर महंत की हत्या कर दी। हत्या के बाद मुख्य आरोपी ने अपने भाई की मदद से शव और मोटरसाइकिल को कृष्णा नदी में बहा दिया। आरोपितों ने वारदात छिपाने के लिए मृतक का मोबाइल फोन, बिस्तर, गद्दा, कपड़े और शव लपेटने में प्रयुक्त चादर को जलाकर नष्ट करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर नदी किनारे से महंत का शव बरामद किया। भूसे के ढेर में छिपाकर रखी गई कुल्हाड़ी, मोबाइल के अधजले पार्ट्स व बैटरी, खूनालूदा फर्श के नमूने और जले कपड़ों की राख भी बरामद की गई। तीनो आरोपी संजीव निवासी गांगनौली, थाना दोघट, जिला बागपत व उसकी पत्नी व जोगेंद्र वर्तमान निवासी सोनीपत हरियाणा तीनों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस खुलासे में थाना भगवानपुर प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण के नेतृत्व में एसआई नीरज रावत, एसआई बालाराम जोशी, एएसआई मनोज कुमार सहित सीआईयू रुड़की की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button