हरिद्वार

दोस्तों पर रौब झाड़ने के लिए लूटी कार, मंगलौर पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा हिस्ट्रीशीटर

लूटी गई नेक्सोन कार और मोबाइल बरामद, एसएसपी के नेतृत्व में तुरंत कार्रवाई

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने कार लूट की सनसनीखेज वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए हरियाणा के एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई नेक्सोन कार और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें कोतवाली मंगलौर पुलिस की मुस्तैदी देखने को मिली। पुलिस के अनुसार 14 मार्च की शाम डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि तीन अज्ञात युवकों ने रोहित कुमार निवासी नगला ऐमाद, थाना मंगलौर की नेक्सोन कार लूट ली है। सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ित से जानकारी जुटाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लूट के बाद भागने के दौरान आरोपियों की कार ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे वाहन का अगला टायर फट गया और कार की रफ्तार कम हो गई। इसी बीच पुलिस की घेराबंदी सख्त होती देख आरोपी लिब्बरहेड़ी फ्लाईओवर के पास कार छोड़कर खेतों की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से लूटी गई कार को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे मंगलौर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज पुत्र नरेश निवासी मेहंदीपुर, थाना मुरथल जिला सोनीपत हरियाणा के रूप में हुई है, जो पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे और अपने शौक पूरे करने के लिए अपराध की राह पर चल पड़ा था और पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस जांच में सामने आया कि 13 मार्च को आरोपी अपने दोस्तों के साथ हरियाणा से हरिद्वार घूमने आया था। यहां शराब पीने के दौरान उसका अपने दोस्तों से विवाद हो गया, जिसके बाद उसके साथी उसे छोड़कर वापस हरियाणा लौट गए। इसके बाद दोस्तों पर रौब जमाने के लिए उसने रुड़की से किराये पर कार बुक की और गुड़ मंडी के पास चालक को धक्का देकर कार लूटकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, एसएसआई मनोज गैरोला, एसआई प्रवीण विष्ट, एसआई हेमदत्त भारद्वाज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button