ड्यूटी में लापरवाही नहीं चलेगी, कमलदास कुटिया में एसपी सिटी की सख़्त ब्रीफिंग
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। शारदीय कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में नोडल अधिकारी शारदीय कांवड़ मेला एवं एसपी सिटी अभय कुमार द्वारा कमलदास कुटिया में मेला ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी सिटी ने बताया कि सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को 09 जोन एवं 19 सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कांवड़ियों की सुरक्षा व सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी कांवड़िये के घायल या बीमार होने की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। हरकी पैड़ी एवं आसपास के पुलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए अतिक्रमण न होने देने और नदी में छलांग लगाने जैसी घटनाओं को सख्ती से रोकने के निर्देश दिए गए। भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए तैयार यातायात योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया, ताकि हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। सुरक्षा के दृष्टिगत डाक कांवड़ वाहनों में डीजे बाहर रखने पर प्रतिबंध रहेगा तथा कांवड़ की ऊंचाई 12 फुट से अधिक नहीं होगी। इसके साथ ही जेबकतरों व चेन स्नैचरों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस की तैनाती, सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी तथा मेला क्षेत्र में विस्फोटक व ज्वलनशील पदार्थों के प्रवेश पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए। भारी पुलिस बल, पीएसी, एसडीआरएफ, जल पुलिस व अन्य विशेष इकाइयों की तैनाती के साथ हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शारदीय कांवड़ मेला पूरी तरह सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा।









