प्रेस क्लब हरिद्वार के नवनिर्वाचित कार्यकारणी ने ली शपथ, मुख्य सचिव ने दी शुभकामनाएँ
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार ने गुरुवार को अपने नवनिर्वाचित कार्यकारणी के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया, जिसमें मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में नव निर्वाचित अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महासचिव सूर्यकांत बेलवाल सहित सभी पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
विशिष्ट अतिथि निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पूरी महाराज ने उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, देवेंद्र शर्मा, सचिव जोगेंद्र सिंह मावी, सांस्कृतिक सचिव महताब आलम, प्रचार सचिव तनवीर अली और कोषाध्यक्ष काशीराम सैनी को शपथ दिलाई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अन्य कार्यकारणी सदस्यों को शपथ दिलाई।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज के हित में अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा है। उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनकी रिपोर्टिंग आमजन की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने प्रेस और शासन प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रेस क्लब सहित सभी हितधारकों के सहयोग से यह आयोजन दिव्य और भव्य ढंग से सम्पन्न होगा। साथ ही उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं भी दी।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष और महासचिव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, अन्य गणमान्य व्यक्ति और प्रेस प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रेस क्लब हरिद्वार ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर स्वागत किया।









