पुराने विवाद ने भड़काई हिंसा, खेत में काम कर रहे व्यक्ति पर जानलेवा हमला
फिरोज अहमद/मोहम्मद उस्मान

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद/मोहम्मद उस्मान) मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गांव घोसीपुरा में चला आ रहा आपसी विवाद फिर से हिंसक टकराव में बदल गया। खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति पर दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार घोसीपुरा निवासी हाकम अपने खेत में कार्य कर रहे थे। तभी पुराने विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। पहले तीखी बहस हुई और फिर देखते ही देखते हमला कर दिया गया। आरोप है कि हाकम को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया।

हंगामा सुनकर हाकम के परिजन दिलशाद उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में दिलशाद को भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस गांव पहुंची और स्थिति को शांत कराया। दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने हाकम की हालत नाजुक बताते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। दिलशाद का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं।









