भगवानपुर में गोवंश के साथ क्रूरता पर पुलिस का शिकंजा, 3 वाहन सीज, 7 आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में अभियान तेज, 7 गोवंशीय पशु सकुशल बरामद

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में गोवंशीय पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 3 छोटे हाथी (लोडर वाहन) पकड़े और कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 गोवंशीय पशुओं को भी सकुशल बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में पशु क्रूरता और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 16 मार्च 2026 को भगवानपुर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में कस्बा भगवानपुर में चेकिंग के दौरान एक छोटे हाथी को रोका गया। वाहन में चालक समेत दो लोग रियाज और अजय सवार थे। जांच में वाहन के डाले में दो गोवंशीय पशु बेहद दयनीय हालत में मिले। पुलिस ने तत्काल पशुओं को रेस्क्यू कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। दूसरी कार्रवाई में हरियाणा के नरवाला निवासी रणवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने दो अन्य छोटे हाथियों को पकड़ा। इन वाहनों में कुल 5 गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक ठूंसकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और पशुओं को मुक्त कराया। पशुओं का मौके पर ही चिकित्सा अधिकारी को बुलाकर मेडिकल भी कराया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी: रियाज, अजय, सलीम, शुभान, अब्दुल हकीम, सलमान और आवेश
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय:
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोवंश को सुरक्षित बचाया। टीम में उपनिरीक्षक सुनील रमोला, उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।









