लक्सर

लक्सर में हुक्का गैंग पर पुलिस का शिकंजा तमंचे के साथ गैंग का सदस्य गिरफ्तार

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लक्सर पुलिस ने हुक्का गैंग के एक सदस्य को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी तीन दिन पहले हुए हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा था और गैंग के लिए अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआई दीपक चौधरी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कुआंखेड़ा गांव की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर अचानक मुड़कर पीछे भागने का प्रयास करने लगा संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाइक सवार को घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सालम निवासी घिस्सोपुरा थाना मंगलौर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह हुक्का गैंग का सक्रिय सदस्य है और गैंग के लिए अवैध हथियारों की सप्लाई करता है। उसने बताया कि गैंग के कुछ सदस्य एक युवक से वीडियो क्लिप के आधार पर पैसों की मांग कर रहे थे। इसी विवाद के चलते 10 मार्च की रात गैंग के सदस्यों ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर लक्सर के नगला खिताब गांव में युवक के घर के बाहर फायरिंग की थी। बताया जा रहा है कि आरोपी घर में घुसकर भी फायरिंग करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन पीड़ित बाल-बाल बच गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में कोतवाली लक्सर में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

Related Articles

Back to top button