हरिद्वार

67 पर गुंडा एक्ट, जिला बदर की तैयारी, गौ तस्करों की अब ‘कुंडली’ खोलने में जुटी पुलिस: कप्तान

राजेश पसरीचा उत्तराखंड प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के सख्त निर्देशों के बाद हरिद्वार पुलिस ने गोकशी और पशु क्रूरता के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने ऐसे अपराधों में संलिप्त तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए व्यापक रणनीति तैयार कर ली है। जनपद के सभी थाना प्रभारियों से गोकशी, पशु तस्करी और पशु क्रूरता में लिप्त लोगों का पूरा डाटा जुटाया गया है। इसके आधार पर 11 थानों में सक्रिय 57 गैंग के 162 अभियुक्तों को चिन्हित किया गया है, जिन पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही 67 आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस इन आरोपियों को जिला बदर करने की तैयारी में भी जुटी है, जिससे जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। पुलिस ने साफ किया है कि बार-बार गोकशी या पशु क्रूरता में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों को भारी धनराशि के मुचलके से पाबंद किया जाएगा। यदि कोई आरोपी शर्तों का उल्लंघन करता है तो उसकी पाबंद धनराशि जब्त कर ली जाएगी। एसएसपी ने कहा कि इस अभियान के जरिए गोकशी और पशु क्रूरता जैसे अपराधों पर निर्णायक रोक लगाई जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने आमजन से भी अपील की है कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button