कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी ने सरकार के प्रयासों को सराहा
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को लेकर तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप कुंभ क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, साधु-संतों और अखाड़ों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कुंभ मेले को लेकर संत समाज और विभिन्न अखाड़ों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अखाड़ों ने भी अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं और पारंपरिक धार्मिक आयोजनों को भव्य रूप देने की दिशा में कार्य तेज कर दिया गया है।
श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविन्द्र पुरी ने राज्य सरकार की तैयारियों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी अखाड़े परंपरानुसार कुंभ मेले में भाग लेंगे। धर्मध्वजाओं की स्थापना, छावनियों का निर्माण, पेशवाई और अमृत स्नान (शाही स्नान) जैसे प्रमुख धार्मिक आयोजन विधि-विधान से संपन्न किए जाएंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि अखाड़ों एवं श्री गंगा सभा की सहमति से स्नान पर्वों और अमृत स्नान की तिथियां घोषित की जा चुकी हैं, जिसके साथ ही कुंभ क्षेत्र में तैयारियां प्रारंभ हो गई थीं। कुंभ के लिए किए जा रहे आधारभूत विकास कार्यों का लाभ भविष्य में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में कोविड-19 के कारण कुंभ मेले में सीमित संख्या में श्रद्धालु शामिल हो सके थे, लेकिन वर्ष 2027 के कुंभ को लेकर संत समाज और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यह आयोजन दिव्य और भव्य रूप में संपन्न होने की उम्मीद है।









