Blog

कुंभ मेला की तैयारियां हुई तेज, मेलाधिकारी ने किया क्षेत्रों का निरीक्षण

चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता


हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार में 2027 में आयोजित होने जा रहे कुंभ मेला के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज गति से आगे बढ़ रही हैं। मेला क्षेत्र में प्रस्तावित आधारभूत संरचनाओं और सुविधाओं को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों को जुटा दिया गया है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका स्वयं लगातार ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा और निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी स्तर पर शिथिलता न रहे और कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हों।

वहीं मंगलवार की सुबह मेलाधिकारी ने मेला क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इन क्षेत्रों में प्रस्तावित सड़कों, घाटों और पुलों की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक समागम है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

मेलाधिकारी ने कुंभ क्षेत्र के लिए आरक्षित भूमि को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए। भूमि प्रबंधन को लेकर स्पष्ट कहा गया कि किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं प्रदान करना मेला प्रशासन की प्रतिबद्धता है। कुंभ मेला 2027 को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह सहित कुंभ मेले से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button