नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे बाइक चोरी, रानीपुर पुलिस ने गिरोह का किया पर्दाफाश
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के मद्देनजर सघन चेकिंग और जांच अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में गठित टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 5 अप्रैल को नहर पटरी स्थित श्मशान घाट के पास चार संदिग्धों को दबोच लिया।
वहीं एसएसपी नवनीत सिंह ने सोमवार को खुलासा करते हुए बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए रानीपुर, सिडकुल और दिल्ली समेत अन्य क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहन नहर किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे जाते थे और बाद में उन्हें कबाड़ियों या राहगीरों को सस्ते दामों में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें रानीपुर, सिडकुल, फरीदाबाद और दिल्ली क्षेत्र से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। अन्य वाहनों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन निवासी मुजफ्फरनगर, गौरव निवासी लक्सर, नितिन निवासी मुरादाबाद और गौरव निवासी मंगलौर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।









