चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में सड़कों की मरम्मत तेज
डीएम के निर्देश पर कार्यों में आई रफ्तार, दो दिन में 282.60 मीटर निर्माण पूरा
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच हरिद्वार शहर में सीवरेज निर्माण से प्रभावित सड़कों की मरम्मत का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद संबंधित विभागों ने काम में तेजी लाते हुए दो दिनों में 282.60 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया है। गौरतलब है कि शहर में सीवरेज कार्यों के चलते कई स्थानों पर सड़कों के खोदे जाने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसको लेकर जिलाधिकारी ने 1 अप्रैल को अधिकारियों व ठेकेदारों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी सड़कों की मरम्मत हर हाल में पूरी की जाए। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई द्वारा कार्यों को तेज किया गया है। परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल के अनुसार, केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पैकेज-01 के अंतर्गत प्रेम विहार कॉलोनी, भागीरथी विद्यालय के पास, गली नंबर-6 और रानी गली में कुल 113.07 मीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत शिवानीपुरम, द्वारका विहार, गणपति धाम फेस-3 और राज विहार फेस-2 क्षेत्रों में 169 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने बताया कि शेष कार्य भी तेजी से जारी है और तय समयसीमा के भीतर सभी सड़कों को दुरुस्त कर लिया जाएगा, जिससे चारधाम यात्रा के दौरान शहर में यातायात सुचारु बना रहे।









