नाबालिगों से बंधुआ मजदूरी का सनसनीखेज खुलासा
उम्र बढ़ाकर कराया काम, विरोध पर बेरहमी से पिटाई, प्लांट हेड गिरफ्तार

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नामी कंपनी में नाबालिग लड़कियों से कथित रूप से बंधुआ मजदूरी कराए जाने, उनके दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर उम्र बढ़ाने और विरोध करने पर हाथ-पैर बांधकर मारपीट करने जैसी अमानवीय हरकतों का खुलासा हुआ है। इतना ही नहीं, पीड़िताओं पर चोरी कबूल करवाने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्लांट हेड को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना सिडकुल प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में शुरू हुई जांच में सामने आया कि कार्तिक एंटरप्राइजेज में कार्यरत कुछ महिलाओं और लड़कियों ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि प्लांट हेड रजनीश शर्मा और उसके सहयोगियों ने दो नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें नौकरी पर रखा।
घटना 24 मार्च की बताई जा रही है, जब दोनों किशोरियों को ऑफिस में बुलाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पुलिस जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल से एक वीडियो भी बरामद हुआ, जिसमें लड़कियों के हाथ-पैर बांधकर पीटने के दृश्य सामने आए हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि नाबालिगों से वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक काम कराए जा रहे थे। दस्तावेजों की जांच में आधार कार्ड की फोटोकॉपी में उम्र बढ़ाने की पुष्टि भी हुई है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा (42) निवासी रामपुर जेवर, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), हाल निवासी बहादराबाद को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और नाबालिगों के शोषण से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।









