एसपी बागेश्वर ने किया कोतवाली कौसानी का आकस्मिक निरीक्षण, दिए दिशा निर्देश
राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) बागेश्वर। बागेश्वर जनपद एसपी जितेंद्र मेहरा ने शनिवार को कोतवाली कौसानी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसिंग की गुणवत्ता सुधारने और जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए। मिली जानकारी के अनुसार, एसपी जितेंद्र मेहरा ने थाना कार्यालय, हवालात, भोजनालय और बैरिक का मुआयना किया। कार्यालयी रजिस्टरों के त्रुटिहीन रखरखाव पर संतोष व्यक्त किया और परिसर में उच्च कोटि की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने महिला एवं साइबर अपराधों पर बिना किसी देरी के त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सत्यापन अभियान की समीक्षा की गई। उन्होंने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की प्रक्रिया को निरंतर जारी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही के आदेश दिए। निरीक्षण के अंत में एसपी महोदय द्वारा उपस्थित समस्त अधिकारी/कर्मचारियों का सम्मेलन लिया गया। सम्मेलन के दौरान उन्होंने कर्मियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। एसपी मेहरा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, मेहनत और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।









