लक्सर

एसपी देहात व सीओ ने किया खानपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। रविवार को एसपी देहात शेखर चंद सुयाल और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह ने खानपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों के टर्न-आउट, शस्त्रों की स्थिति, अभिलेखों के रखरखाव और थाना परिसर की साफ-सफाई की गहन जांच की गई। निरीक्षण की शुरुआत गार्ड की सलामी लेने के साथ हुई। अधिकारियों ने सलामी में तैनात पुलिसकर्मियों के टर्न-आउट और शस्त्र कवायद का निरीक्षण किया। इसके बाद शस्त्रागार का जायजा लेते हुए हथियारों की नियमित साफ-सफाई और सुरक्षित रखरखाव के निर्देश दिए गए। मालखाने का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों की जांच की गई और आपदा उपकरणों की देखभाल पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही पुरानी सामग्री को नियमानुसार निस्तारित करने और सरकारी संपत्ति का समय-समय पर भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। थाना अभिलेखों की जांच के दौरान प्रविष्टियां समय पर पूर्ण करने और ड्यूटी रोस्टर के अनुसार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने पर जोर दिया गया। बैरक और भोजनालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, शौचालय व स्नानागारों की नियमित सफाई के साथ साथ पुलिसकर्मियों को ताजा व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष और आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए नियमित योग, व्यायाम और वॉलीबॉल जैसी खेल गतिविधियां संचालित कराने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक दिग्पाल सिंह कोहली, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मंसूर अली, उपनिरीक्षक नवीन नेगी चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर, अपर उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, तरुण कुमार, बिजेंद्र सिंह चौकी प्रभारी बालावाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button