एसएसपी नवनीत सिंह का सख्त रुख खानपुर थाने के वार्षिक निरीक्षण में दिए कड़े निर्देश
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। हरिद्वार के खानपुर थाने में एसएसपी नवनीत सिंह का वार्षिक निरीक्षण सिर्फ औपचारिकता नहीं रहा, बल्कि पुलिसिंग को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में एक सख्त संदेश भी साबित हुआ। निरीक्षण के दौरान जहां व्यवस्थाओं पर संतोष जताया गया, वहीं लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस की साफ चेतावनी दी गई शुक्रवार को खानपुर थाने पहुंचे एसएसपी नवनीत सिंह का सेरिमोनियल गार्ड ने सशस्त्र सलामी देकर स्वागत किया। इसके बाद एसएसपी ने नवनिर्मित कक्ष का उद्घाटन किया और पूरे थाना परिसर का गहन निरीक्षण शुरू किया कार्यालय, सीसीटीएनएस, बैरक, कर्मचारी मैस, आवासीय परिसर और मालखाने का बारीकी से जायजा लेते हुए एसएसपी ने साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया, लेकिन साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवानों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर देते हुए उन्होंने गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ बैरक और दुरुस्त शौचालय-स्नानागार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेताया कि जर्जर या क्षतिग्रस्त कमरों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि पुलिसकर्मियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो। कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए एसएसपी ने सीसीटीएनएस सिस्टम को पूरी तरह एक्टिव रखने और सभी रिकॉर्ड समय पर अपडेट करने के सख्त निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक को इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा गया। खानपुर के बाढ़ग्रस्त क्षेत्र होने को देखते हुए एसएसपी ने असलाह-एम्युनेशन और आपदा राहत उपकरणों की तैयारियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी उपकरण हर समय कार्यशील हालत में रहें और खराब उपकरणों को तुरंत बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाए। मालखाने में लंबित मामलों पर सख्ती दिखाते हुए एसएसपी ने जब्त सामग्री के समयबद्ध निस्तारण और लावारिस वाहनों को हटाने के निर्देश दिए, ताकि जगह की समस्या न हो और व्यवस्था बेहतर बनी रहे। विवेचनाओं में तेजी लाने पर जोर देते हुए उन्होंने साफ कहा कि मुकदमों का निस्तारण बिना देरी, पूरी पारदर्शिता और तथ्यों के आधार पर किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। कुल मिलाकर एसएसपी नवनीत सिंह का यह निरीक्षण एक स्पष्ट संदेश दे गया कि हरिद्वार पुलिस अब सिर्फ व्यवस्था नहीं, बल्कि जवाबदेही और परिणाम पर भी बराबर फोकस कर रही है।









