बैठक: साइबर अपराध, नशे के नेटवर्क और फरियादियों की सुनवाई पर एसएसपी का बड़ा एक्शन प्लान
रजत चौहान प्रधान सम्पादक


हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। हरिद्वार में कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए नवनियुक्त एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अहम बैठक की। अधिकारियों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने साफ संदेश दिया कि अब ढिलाई नहीं, बल्कि तेज कार्रवाई और मजबूत समन्वय ही पुलिसिंग की पहचान होगा।

बैठक में एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी सूचना तंत्र को मजबूत रखा जाए और साइबर फ्रॉड जैसे मामलों में बिना देरी तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। थाना प्रभारियों को जनता से मिलने का तय समय निर्धारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि फरियादियों को इधर-उधर भटकना न पड़े। साथ ही, अनुपस्थिति की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारी को स्पष्ट रूप से कार्यभार सौंपने और वापसी पर शिकायतों की व्यक्तिगत समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।


इसके अलावा हर सर्किल में सुबह और शाम नियमित चेकिंग अभियान चलाने तथा उसकी समीक्षा नगर व देहात पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं किए जाने के निर्देश दिए गए। किसी भी घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई हो सके।


बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी के सख्त निर्देशों से साफ संकेत मिल गया है कि अब जनपद में जवाबदेह और सक्रिय पुलिसिंग पर विशेष फोकस रहेगा।









