पिरान कलियर

हरिद्वार पुलिस का सख्त एक्शन, SSP के निर्देश पर पिरान कलियर पुलिस ने दबोचे शातिर आरोपी

नाबालिग को ब्लैकमेल कर घर पर की फायरिंग, तीन आरोपी तमंचे सहित गिरफ्तार

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना पिरान कलियर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित तीन आरोपियों को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 7 मार्च 2026 को मुकेश उर्फ छेटा पुत्र इलम सिंह निवासी ग्राम इमलीखेड़ा, थाना पिरान कलियर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मुराद अंसारी निवासी नसीरपुर कला, थाना पथरी अपने साथियों के साथ उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को ब्लैकमेल कर रहा था। शिकायत के मुताबिक 7 मार्च को आरोपी अपने साथियों के साथ इमलीखेड़ा स्थित पीड़ित के घर पहुंचा और दहशत फैलाने के इरादे से देशी तमंचे से फायरिंग कर मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना पिरान कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 48/2026 संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष पिरान कलियर के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। 8 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अब्दाल शाह रोड के आगे से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी मुराद अंसारी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। साथ ही आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया खोखा कारतूस भी बरामद कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में हरिद्वार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और क्षेत्र में गुंडागर्दी या दहशत फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी
मुराद अंसारी पुत्र मुर्सलीन, निवासी नसीरपुर कला, थाना पथरी (उम्र 20 वर्ष)
दीपू सैनी पुत्र पपिन सैनी, निवासी भोवापुर चमरावल, थाना पथरी (उम्र 19 वर्ष)
सुधांशु उर्फ ढोली पुत्र अजब सिंह, निवासी बादशाहपुर, थाना पथरी (उम्र 20 वर्ष)
बरामदगी
01 अवैध देशी तमंचा
01 जिंदा कारतूस
01 खोखा कारतूस

पुलिस टीम
उप निरीक्षक रविंद्र कुमार (थानाध्यक्ष पिरान कलियर), वरिष्ठ उप निरीक्षक सुनील दत्त पंत, उप निरीक्षक शहजाद अली, हेड कांस्टेबल संजय रावत, हेड कांस्टेबल रविंद्र बालियान और कांस्टेबल आबिद शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button