हरिद्वार

सड़क सुरक्षा पर सख्ती: नियम तोड़ने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का बड़ा अभियान, हजारों चालान

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन पर हरिद्वार पुलिस ने मार्च 2026 के दौरान सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। पुलिस, यातायात एवं सीपीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में कुल 9,656 चालान किए गए, जबकि नशे में वाहन चलाने के आरोप में 90 चालकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
अभियान के तहत बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाना, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में ड्राइविंग और शराब के नशे में वाहन संचालन जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस की इस सख्ती से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लापरवाही से वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। जनपद में सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, निरीक्षक राजेंद्रनाथ और सीपीयू प्रभारी हितेश को निर्देशित किया है कि वे प्रवर्तन के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाएं, ताकि आमजन में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित हो। पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव और क्षेत्राधिकारी विपेंद्र सिंह को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे यातायात सुचारू बना रहे। यातायात/सीपीयू की कार्रवाई के प्रमुख आंकड़े: मार्च माह में यातायात एवं सीपीयू टीम द्वारा 7,378 चालान किए गए, 196 वाहनों को सीज किया गया और 4,299 मामलों में कोर्ट चालान किया गया। वहीं 2,960 मामलों का संयोजन किया गया। नशे में ड्राइविंग के 58 चालान और 105 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए गए। थाना स्तर पर भी कड़ी कार्रवाई: थाना एवं कोतवाली स्तर पर बिना हेलमेट, तीन सवारी, गलत दिशा में वाहन चलाना, ओवरलोडिंग, नो-पार्किंग, मोबाइल का प्रयोग, रेड लाइट जंपिंग और स्टंट ड्राइविंग जैसे मामलों में सैकड़ों चालान किए गए। इसके अलावा बिना लाइसेंस, बिना बीमा और बिना फिटनेस वाले वाहनों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button