नैनीताल व ऊधमसिंहनगर में अपराध नियंत्रण की सख्त समीक्षा, एडीजी ने दिए कड़े निर्देश
राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) हल्द्वानी। पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड के एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था, डॉ.वी मुरुगेशन ने नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जनपदों में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की व्यापक समीक्षा की। बैठक में दोनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, राजपत्रित अधिकारी और क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे। डॉ. मुरुगेशन ने बैठक में महिला अपराध, नशा तस्करी और गुमशुदगी मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि अपराध नियंत्रण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने आधुनिक तकनीकों और नवाचारों का उपयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
समीक्षा में दिए गए प्रमुख निर्देश:
महिला अपराध: विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर 60 दिनों के भीतर निस्तारित करना अनिवार्य।
नशा तस्करी: केवल छोटे तस्करों पर नहीं, बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए; गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और अवैध संपत्ति की जब्ती में तेजी।
गुमशुदा व्यक्तियों: विशेषकर नाबालिगों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान।
अज्ञात शवों की पहचान: आधुनिक तकनीक, डीएनए प्रोफाइलिंग और सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग।
शिकायत एवं प्रार्थना पत्रों का निस्तारण: थानों और कार्यालयों का नियमित निरीक्षण, लंबित मालों का भौतिक सत्यापन, डिजिटल पोर्टलों पर डेटा फीडिंग और सीएम हेल्पलाइन पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।









