वैयक्तिक सहायक परीक्षा के लिए हरिद्वार में सख्त सुरक्षा व्यवस्था, चार दिन चलेगी टंकण परीक्षा
गगन शर्मा सह सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उच्च न्यायालय उत्तराखण्ड के अधिष्ठान में वैयक्तिक सहायक परीक्षा-2025 के अंतर्गत द्वितीय प्रश्नपत्र की अंग्रेजी टंकण (प्रायोगिक) परीक्षा 7 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह जानकारी सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने दी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा का आयोजन हरिद्वार स्थित ज्ञानोदय लैब, परीक्षा भवन (जिला कोड 001) में प्रतिदिन दो सत्रों में किया जाएगा। प्रथम सत्र पूर्वाह्न 11:00 बजे तथा द्वितीय सत्र अपराह्न 3:00 बजे से प्रारंभ होगा। प्रत्येक दिन लगभग 200 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिन्हें लैब-1 और लैब-2 में विभाजित किया गया है। अंतिम दिन 10 अप्रैल को कुछ सत्रों में अभ्यर्थियों की संख्या कम रहेगी तथा द्वितीय सत्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहेगा।
परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्र के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसके तहत बिना अनुमति पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, किसी प्रकार की सभा, जुलूस या प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा।
इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्र के आसपास ध्वनि प्रदूषण, हथियार, विस्फोटक सामग्री तथा किसी भी प्रकार की भड़काऊ गतिविधियों पर पूर्ण रोक रहेगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, पेजर एवं किसी भी प्रकार की अध्ययन सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने कहा है कि आदेशों का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।









