हरिद्वार

हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा का सख्त पहरा, पानी ओर दही बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा

कार्रवाई: एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक जब्त, बिना फूड लाइसेंस से चल रही थी फैक्ट्री

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए हरिद्वार जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण और कार्रवाई की गई। देर रात्रि उपायुक्त गढ़वाल आर.एस. रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इब्राहिमपुर स्थित पनीर व दही निर्माण इकाई पुंडीर फैक्ट्री पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री बिना फूड लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित पाई गई। मौके पर अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने एवं अन्य गंभीर अनियमितताओं के चलते फैक्ट्री को अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान पनीर व दही के दो नमूने लेकर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर जांच के लिए भेजे गए। छापेमारी के समय पथरी थाना पुलिस भी मौजूद रही। इसी क्रम में कांवड़ पटरी मार्ग पर चंडी पुल से चिड़ियापुर तक स्थित अस्थाई खाद्य स्टॉल एवं भंडारों का निरीक्षण किया गया। टीम ने खाद्य विक्रेताओं को साफ-सफाई, कूड़े के उचित निस्तारण, रेट लिस्ट चस्पा करने तथा खाद्य पंजीकरण कराने के सख्त निर्देश दिए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कोल्ड ड्रिंक के दो गोदामों का निरीक्षण किया गया, जहां माजा और फेंटा कोल्ड ड्रिंक के नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के संबंध में दोनों गोदाम संचालकों को नोटिस जारी किए गए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में पंत द्वीप पार्किंग क्षेत्र में अस्थाई व स्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कुल 12 प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में तीन के पास फूड लाइसेंस नहीं पाए गए, जिस पर उन्हें नोटिस जारी किए गए। एक रेस्टोरेंट में छह एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स मिलने पर उन्हें मौके पर ही जब्त कर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button