हरिद्वार

हरिद्वार में “सुरक्षित साथी” सड़क सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया कार्यक्रम का सफल आयोजन

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। परिवहन विभाग, उत्तराखण्ड और Hero MotoCorp के CSR कार्यक्रम Ride Safe India के तहत उप क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (ARTO), हरिद्वार के सहयोग से “सुरक्षित साथी – रोड सेफ्टी एवं इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रशिक्षण” कार्यक्रम का आयोजन आज हरिद्वार के एक होटल में किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान, संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला, संदीप सैनी, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, प्लांट एचआर हेड पंकज भट्ट और प्लांट हेड सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे बड़ी भूमिका वाहन चालकों की जागरूकता और नियमों का पालन है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें। अधिक गति और ओवरटेक से बचें। दुपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य है।
दुर्घटना होने पर तुरंत घायल को नज़दीकी चिकित्सालय पहुंचाएं। मंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। “गोल्डन ऑवर” के दौरान त्वरित मदद कई जीवन बचा सकती है। अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान ने भी प्रतिभागियों से शपथ लेने का आग्रह किया कि वे न ओवरटेक करेंगे और न तेज़ रफ्तार से वाहन चलाएंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च जोखिम वाले सड़क उपयोगकर्ताओं—जैसे डिलीवरी पार्टनर्स, ड्राइवर और अन्य गिग वर्कर्स—को सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात अनुशासन और आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए प्रशिक्षित करना था। लगभग 500 प्रतिभागियों को जिम्मेदार वाहन संचालन, सड़क सुरक्षा नियम, प्राथमिक उपचार और “गोल्डन ऑवर” पर प्रशिक्षण दिया गया। दो तकनीकी सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षित साथी सेफ्टी किट और हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा ने किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे सीखी गई जानकारियों को व्यवहार में लाएं और दूसरों को भी जागरूक करें। इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, निखिल शर्मा, कृष्ण चंद्र पलारिया, जितेन्द्र चन्द, परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, Hero MotoCorp CSR प्रमुख सोनिका चोपड़ा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button