लक्सर में सन्नी हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल, मोबाइल विवाद में गला दबाकर की हत्या
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में पांच दिनों से लापता युवक सन्नी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक का करीबी दोस्त ही हत्यारोपी निकला। पुलिस ने आरोपी रोहित उर्फ बालू को गिरफ्तार कर लिया है।

हत्याकांड का खुलासा करते हुए लक्सर पुलिस क्षेत्र अधिकारी नताशा सिंह ने बताया 30 जनवरी को रसूलपुर उर्फ कंकरखाता निवासी एक महिला ने अपने 20 वर्षीय बेटे सन्नी के लापता होने की गुमशुदगी कोतवाली लक्सर में दर्ज कराई थी। महिला ने बताया था कि सन्नी अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

पुलिस ने युवक की तलाश के लिए टीम गठित कर मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान मृतक के दोस्त रोहित उर्फ बालू की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।

उन्होंने बताया 27 जनवरी को सन्नी अपने दोस्तों रोहित और राजा के साथ सुल्तानपुर गया था, जहां रोहित ने सन्नी के पहचान पत्र और कुछ नकदी के आधार पर किश्तों में एक मोबाइल फोन खरीदा। इसके बाद सभी ने शराब पी। रात में सन्नी और रोहित कुन्हारी क्षेत्र स्थित जंगल की ओर शराब लेकर चले गए।
वहां शराब के नशे में नए रेडमी मोबाइल को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि रोहित ने सन्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को पास ही गन्ने के खेत में छिपा दिया। हत्या के बाद आरोपी गांव लौट आया और खुद को निर्दोष दिखाने के लिए सन्नी की तलाश का नाटक करता रहा। उन्होंने बताया आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुन्हारी क्षेत्र में गन्ने के खेत से सन्नी का शव बरामद किया। साथ ही आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की गई।









