पिरान कलियर

पिरान कलियर मुख्य मार्ग पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें बनी हादसों का सबब, मुख्यमंत्री से की मांग

जावेद अंसारी उत्तराखंड प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक की पवित्र धरती पिरान कलियर में मुख्य मार्ग और पुल पर लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें स्थानीय लोगों और यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। इस संबंध में सभासद नाजिम त्यागी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। सभासद नाजिम त्यागी ने कहा कि दरगाह साबिर पाक विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल और आस्था का केंद्र है, जहां देश-विदेश से लाखों जायरीन (श्रद्धालु) आते हैं। मगर मुख्य मार्ग और पुलों पर स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण रात के समय गहरा अंधकार छाया रहता है। इस वजह से श्रद्धालुओं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, साथ ही चोरी और दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी बढ़ जाती हैं। यह क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां की सभी स्ट्रीट लाइटें जल्द से जल्द ठीक कराई जाएं और जहां नई लाइटों की आवश्यकता है, वहां नई लाइटें लगाई जाएं। उन्होंने कहा कि पहले भी अंधेरे के कारण कई घटनाएं घट चुकी हैं, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते स्थिति जस की तस बनी हुई है।उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सरकार “रोशनी का पर्व” मनाती है, ऐसे में दरगाह क्षेत्र में अंधेरा शासन-प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है। अतः मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि संबंधित विभाग को आदेश जारी कर पिरान कलियर मुख्य मार्ग और पुल पर बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटें तत्काल प्रभाव से चालू कराई जाएं।
इस पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी हरिद्वार और उप जिलाधिकारी रूड़की को भी भेजी गई है ताकि आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जा सके।

Related Articles

Back to top button