हरिद्वार

हाईस्कूल की फर्जी परीक्षा कराने वाला मास्टरमाइंड निकला प्रिंसिपल, ट्यूशन में देता था छात्रों को कोचिंग

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में 24 फरवरी को हुई परीक्षा के दौरान एक छात्रा द्वारा अपनी ही नाबालिग बहन के स्थान पर परीक्षा देने का मामला पकड़ा गया। मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए कथित मास्टरमाइंड को धर दबोचा। विद्यालय के प्रधानाचार्य की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में पहले ही 3 “मुन्ना भाई” और 4 “मुन्नी बहनों” को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए जा चुके हैं। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 26 फरवरी को आरोपी चंगेज अंसारी (40 वर्ष), निवासी ज्वालापुर को गिरफ्तार किया। मिली जानकारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने खुद को अल्मोडिया इस्लामिक हाई स्कूल का प्रिंसिपल बताया। साथ ही वह “The Success Point” नाम से व्हाट्सएप व सोशल मीडिया पर ऑनलाइन कोचिंग ग्रुप चलाता था, जिसमें 40-50 छात्र जुड़े हुए थे। वहीं इस बाबत पर रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा ने बताया कि आरोपी ने ट्यूशन के नाम पर पैसे लेकर छात्रा “प्राची” का फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया। यह प्रवेश पत्र सावित्री शिक्षा सदन के नाम से बनवाया गया और नाबालिग बहन की जगह प्राची को परीक्षा कक्ष में बैठा दिया गया। वहीं प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साजिश की परतें खोलते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थान की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का साफ संदेश है, बोर्ड परीक्षाओं की पवित्रता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button