सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों को जीवन में उतारना ही गांधी-शास्त्री को सच्ची श्रद्धांजलि
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर खन्ना नगर स्थित कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के कैंप कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके आदर्शों और विचारों को स्मरण किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह और स्वच्छता के माध्यम से देश और समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को जन-जन से जोड़ते हुए सत्य और अहिंसा को संघर्ष का माध्यम बनाया। गांधी जी का जीवन शांति, सद्भाव, सामाजिक समरसता और मानवता की सेवा का संदेश देता है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ देश का नेतृत्व किया और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज भी देश और समाज के लिए प्रासंगिक हैं। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और राष्ट्रसेवा का संदेश देता है। उन्होंने सत्य और अहिंसा को अपना प्रमुख अस्त्र बनाकर देशवासियों को स्वतंत्रता आंदोलन के लिए एकजुट किया। उनके विचार आज भी समाज को शांति, सद्भाव, स्वच्छता और सामाजिक समरसता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सरल एवं सादगीपूर्ण जीवन से यह संदेश दिया कि सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का विशेष महत्व है। दोनों महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित और समाजसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित, समाजसेवा और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एडवोकेट राज कुमार अरोड़ा, मंडल अध्यक्ष तुषांक भट्ट, राजेंद्र कटारिया, महामंत्री राकेश नौडियाल, मंडल मंत्री ममता सैनी, मीनाक्षी मित्तल, मोनिका चौहान, मनोज वर्मा, धीर सिंह, लक्ष्मण कटारिया, सुशांत गुप्ता, राहुल शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









