महिला से कुंडल लूटने वाला शातिर चढ़ा सिडकुल पुलिस के हत्थे, चंद दिनों में खुला मामला
डिजिटल साक्ष्य और सटीक सुरागरसी से मिली सफलता, SSP का अपराध पर जीरो टॉलरेंस संदेश
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में महिला के कान से सोने के कुंडल झपटने की घटना का एसपी सिटी अभय सिंह प्रताप ने गुरुवार को सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए कुंडल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को रोशनाबाद निवासी महिला ने अज्ञात बाइक सवार द्वारा कुंडल छीनने की शिकायत थाना सिडकुल में दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करते हुए लगातार सुरागरसी की। इसी कड़ी में बीती रात को चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे संदिग्ध युवक नसीम मलिक को पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर उसके पास से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और पीली धातु के कुंडल बरामद हुए, जिन्हें पीड़िता के बताए गए कुंडल के रूप में पहचान की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी दो शादियां होने के कारण आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पूछताछ मे आरोपी ने अपनी पहचान नसीम मलिक (32 वर्ष), निवासी ग्राम गोविन्दपुर दादूपुर, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार के रूप मे करवाई है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।









