देहरादून

उत्तराखंड कैबिनेट विस्तार: पांच नए मंत्रियों को शपथ, सियासत में बढ़ी हलचल

रजत चौहान प्रधान सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) देहरादून। उत्तराखंड में लंबे समय से चल रही कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं पर शुक्रवार को आखिरकार विराम लग गया। सरकार और संगठन के बीच कई दौर की बैठकों और मंथन के बाद मंत्रिमंडल में रिक्त चल रहे पांच पदों को भर दिया गया है। इसके तहत पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

देहरादून स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान सरकार के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

नए मंत्रियों में खजान दास, राम सिंह कैड़ा, प्रदीप बत्रा, मदन कौशिक और भरत चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि इन चेहरों के चयन में पिछले चार वर्षों के कार्यों, क्षेत्रीय संतुलन और संगठन में सक्रियता को प्रमुख आधार बनाया गया है।

लंबे समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर चल रही अटकलों के बीच यह फैसला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि नए मंत्रियों के शामिल होने से सरकार को क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने के साथ-साथ संगठन को और मजबूती देने में मदद मिलेगी। साथ ही, इससे सरकार की कार्यशैली में तेजी आने और विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलने की भी उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button