महिला का खोया बैग बरामद, 2.16 लाख रुपये लौटाए
ज्वालापुर पुलिस की तत्परता और मेहनत ने एक बार फिर जीता आम जनता का विश्वास
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस की तत्परता और मेहनत ने एक बार फिर आम जनता का विश्वास जीत लिया है। हरियाणा से अपनी बेटी की शादी कराने आई महिला शीतल पत्नी स्व. सुरेन्द्र (बड़ा बाजार, रोहतक) का ई-रिक्शा में बैग छूटने से होश होड़ गये।
महिला ने आनन-फानन में ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी, सूचना मिलने पर ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेंद्र गंगवार द्वारा पुलिस जवानों के साथ मिलकर ज्वालापुर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों, ई-रिक्शा स्टैंड्स और बस स्टैंड्स की मदद से खोजबीन शुरू की। लगातार मेहनत और छानबीन के बाद दिनांक 05 फरवरी को महिला का बैग बरामद कर लिया गया। ई-रिक्शा चालक ने पुलिस को बताया कि वह महिला को बैग लौटाने के लिए स्वयं तलाश कर रहा था।
वहीं इस बाबत पर ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि महिला 03 फरवरी, 2026 को होटल मधुबन, रानीपुर हरिद्वार पहुंची थी और बस अड्डा से ई-रिक्शा में बैठकर रानीपुर मोड़ आई। ई-रिक्शा से उतरते समय महिला का बैग उसी वाहन में रह गया, उसके पास वाहन नंबर या चालक का नाम पता नहीं था।
उन्होंने बताया कि गठित पुलिस टीम द्वारा गुरुवार को ई रिक्शा को ढूंढ कर बैग बरामद का लिया गया, जिसमें 2 लाख 16 हजार रुपये सुरक्षित मिले।
महिला ने ज्वालापुर और उत्तराखण्ड पुलिस की तत्परता की सराहना की और उनका धन्यवाद किया।









