हरिद्वार

चंद घंटों में डबल मर्डर का खुलासा, सगा भाई गिरफ्तार

रजत चौहान प्रधान सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात के कथित आरोपी मृतक महिलाओं के भाई विवेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। फायरिंग के दौरान महिलाओं का जीजा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 25-26 अगस्त की रात गणेशपुर निवासी अर्जुन सिंह ने गंगनहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके मामा विवेक उर्फ विक्की ने फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी। इसी दौरान उसके मौसा को भी गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।

एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को मिले अहम इनपुट के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ विक्की को चुड़ामणि मंदिर चौक के पास चुड़ियाला, भगवानपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, छह खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। शुरुआती जांच में पुलिस को संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक हत्याकांड की वजह नजर आ रही है। हालांकि वारदात के पीछे की पूरी कहानी और अन्य संभावित कारणों को लेकर आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल चुड़ियाला, थाना भगवानपुर का निवासी है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई में सीओ रुड़की ओशीन जोशी, प्रभारी निरीक्षक मणी भूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार समेत गंगनहर कोतवाली की पुलिस टीम तथा सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button