राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर रावली महदूद विद्यालय में अभियान का शुभारंभ, 7.25 लाख से अधिक बच्चों को दी जाएगी कृमिनाशक दवा
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, रावली महदूद में अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के सिंह के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार गणेश सकलानी एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सुमन सेमवाल ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्र-छात्राओं को कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों, कृमिनाशक दवा के महत्व और इसके सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक विकास, पोषण और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। ऐसे में बच्चों को कृमिमुक्त रखना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद हरिद्वार में कुल 7,25,256 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान जो बच्चे 18 नवंबर को किसी कारणवश दवा खाने से छूट जाएंगे, उन्हें 25 नवंबर 2026 को मॉप-अप दिवस के अवसर पर दवा खिलाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे। कार्यक्रम में डीपीओ आरकेएसके भजन पंवार, क्षेत्रीय समन्वयक एएमबी मोनू शर्मा, आरकेएसके काउंसलर श्रीमती रीता, श्रीमती राजेश प्रभा, शिक्षा विभाग से जिला समन्वयक एमडीएम दीपक पंवार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग की टीम और विद्यालय प्रशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









