रुड़की में खाटू श्याम महोत्सव में झूमे हजारों भक्त, कन्हैया मित्तल ने मंत्री से मांगे 500 रुपये, फिर कह दी दिल्ली वाली बड़ी बात!
रवि सक्सेना रुड़की संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि सक्सेना) रुड़की। श्री श्याम सेवा मंडल के तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम में आयोजित 31वां श्री खाटू श्याम महोत्सव भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के बीच धूमधाम से संपन्न हुआ, जिसमें प्रसिद्ध भजन सम्राट कन्हैया मित्तल की शानदार भजन प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा नेहरू स्टेडियम बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा और हजारों की संख्या में पहुंचे खाटू श्याम प्रेमी, भजन प्रेमी और सनातन धर्म के अनुयायी देर रात तक भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए, श्रद्धालु कन्हैया मित्तल के भजनों पर जमकर झूमे और उनके साथ सुर में सुर मिलाकर बाबा श्याम का गुणगान किया, जैसे-जैसे भजनों की प्रस्तुति आगे बढ़ती गई वैसे-वैसे भक्तों का उत्साह भी बढ़ता चला गया, स्टेडियम में मौजूद श्रद्धालु हाथ उठाकर बाबा श्याम के जयकारे लगाते और भजनों पर नृत्य करते दिखाई दिए और पूरा वातावरण श्याममय हो गया। महोत्सव के दौरान मंच पर एक दिलचस्प और यादगार प्रसंग भी सामने आया जब कन्हैया मित्तल ने मंच से उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा से 500 रुपये मांगे और कहा कि ये 500 रुपये वह पूरे रुड़कीवासियों की ओर से बाबा खाटू श्याम के दरबार में जाकर चढ़ाएंगे, उनकी इस बात ने कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं के चेहरे पर मुस्कान ला दी और यह प्रसंग कार्यक्रम के सबसे खास और चर्चित पलों में शामिल रहा। इसके साथ ही कन्हैया मित्तल ने कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को लेकर एक और दिलचस्प टिप्पणी करते हुए मंच से कहा कि आप पहले विधायक बने और उसके बाद कैबिनेट मंत्री बने, अब बाबा खाटू श्याम की कृपा से आपके लिए दिल्ली के द्वार भी खुल गए हैं, अब आप दिल्ली की तैयारी कीजिए, बाबा श्याम आपको दिल्ली भेजेंगे, हम आपको दिल्ली में मिलेंगे, उनकी इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह दिखाया और मंच से कही गई इस बात ने महोत्सव के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।

इस भव्य धार्मिक आयोजन में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी शिरकत की और कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए श्री श्याम सेवा मंडल को 31वें श्री खाटू श्याम महोत्सव के आयोजन की शुभकामनाएं दीं, उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और बाबा खाटू श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं, उन्होंने इस तरह के आयोजनों को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की। महोत्सव में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, कन्हैया मित्तल की भजन प्रस्तुतियों ने लोगों को ऐसा बांधे रखा कि श्रद्धालु देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।









