आईआईटी रुड़की की बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि
कनाडा की यूनिवर्सिटी ऑफ कैलगरी के साथ किया संयुक्त डॉक्टरेट समझौता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि सक्सेना) रुड़की। आईआईटी रुड़की ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने कनाडा की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ कैलगरी के साथ संयुक्त डॉक्टरेट उपाधि कार्यक्रम के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते पर हस्ताक्षर समारोह का आयोजन कनाडा के कैलगरी में किया गया। समारोह में आईआईटी रुड़की की ओर से निदेशक प्रो. के.के पंत, अंतरराष्ट्रीय संबंध अधिष्ठाता प्रो. करुण रावत, शैक्षणिक मामले अधिष्ठाता प्रो. नवीन नवानी सहित अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान सतत विकास, स्वच्छ ऊर्जा, जल प्रबंधन, महत्वपूर्ण खनिजों और सेमीकंडक्टर तकनीक जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में संयुक्त शोध को बढ़ावा देंगे। कार्यक्रम में शामिल शोधार्थियों को दोनों संस्थानों के संयुक्त मार्गदर्शन और रिसर्च इकोसिस्टम का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के पंत ने कहा कि यह समझौता वैश्विक प्रतिभाओं को तैयार करने और शोध को सामाजिक-औद्योगिक समाधानों में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









