जलोत्सारण योजना के तहत एक दिन में 225 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य पूरा
प्रशासन ने निर्माण एजेंसियों को दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरिद्वार में सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं द्वारा दिन-रात काम कर सड़कों को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सीवरेज कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त या खोदी गई सभी सड़कों का मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम, मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज-01 एवं पैकेज-02 के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। 09 जून को विभिन्न क्षेत्रों में कुल 225 मीटर सड़क निर्माण एवं पुनर्स्थापन कार्य पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि पैकेज-01 के अंतर्गत ऋषिकुल कॉलोनी में 66 मीटर सीसी रोड का निर्माण पूरा किया गया। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत द्वारका विहार में 46 मीटर, गणपति धाम फेस-2 में 67 मीटर, राज विहार फेस-1 में 10 मीटर तथा शिवानीपुरम में 36 मीटर सीसी रोड निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। प्रशासन का कहना है कि सड़क पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी आने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों तथा तीर्थ यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत एक दिन में 225 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य पूरा, प्रशासन ने निर्माण एजेंसियों को दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश।









