
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। हरिद्वार में आशिहरा कराटे मिक्स मार्शल आर्ट उत्तराखंड कलर बेल् एक्सट टेस्ट ग्रेडिंग 2025 का आयोजन भव्य रूप से शिवडेल स्कूल भेल सेक्टर 1 में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि शिवडेल स्कूल के अध्यक्ष स्वामी शरद पूरी, आशिहरा कराटे भारत के प्रमुख पंकज कुमार साहनी और उत्तराखंड प्रमुख अमित चौधरी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उनके साथ प्रिंसिपल पुनीत श्रीवास्तव, प्रिंसिपल अरविंद बंसल और मीनाक्षी मेहता भी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में कुल 200 बच्चों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। बच्चों ने कई हैरतअंगेज मार्शल आर्ट स्टंट प्रस्तुत किए, जिनमें टाइल्स ब्रेकिंग, फायर बम्बू, घड़ा ब्रेकिंग, ट्यूबलाइट ब्रेकिंग, फायर टाइल्स ब्रेक और आइस स्लैब ब्रेकिंग , दांत से बाइक खींचना अन्य शामिल थे। इन शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न स्तरों की बेल्ट प्रदान की गई। ब्लैक बेल्ट धारकों में 3 डैन निहाल शर्मा, 2 डैन लक्ष्यवर्धन और 1 डैन अथर्व गुप्ता, समृद्धि चौहान, दिवशा सिंह शामिल रहे। रेड बेल्ट प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की संख्या 11 रही, जबकि ब्राउन बेल्ट 9, ब्लू बेल्ट 12, ग्रीन बेल्ट 10, ऑरेंज बेल्ट 25 और यलो बेल्ट 38 बच्चों को दी गई। संदीप पाठक, कलीम, श्रेयषी, आरुषि, हर्षित, गोविंद, कुलश्रेष्ठ, यश पाठक प्रमुख रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से आशिहरा के सदस्य, श्वेता चौधरी, जय प्रकाश शर्मा और सुनील ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और साहस का परिचय देते हुए अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों ने बच्चों को प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भारत प्रमुख पंकज कुमार साहनी ने कहा कि मार्शल आर्ट्स न केवल आत्मरक्षा का माध्यम है, बल्कि यह आत्मविश्वास, संयम और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और सम्मानित पुरस्कार प्रदान किए गए। यह आयोजन न केवल बच्चों के कौशल को निखारने का माध्यम बना, बल्कि उनके उत्साह और हौसले को भी प्रोत्साहित किया। दर्शकों और अतिथियों ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।