खानपुर में जटाशंकर महादेव मेले की तैयारियां तेज, पुलिस ने बनाई व्यापक सुरक्षा रणनीति
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। खानपुर थाना क्षेत्र स्थित प्राचीन जटाशंकर महादेव मंदिर में 14 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाले विशाल मेले को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में खानपुर पुलिस ने एक विशेष गोष्ठी आयोजित कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की। बैठक लक्सर पुलिस क्षेत्राअधिकारी देवेंन्द्र सिंह नेगी के निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें महाशिवरात्रि के अवसर पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए हाईवे पर यातायात प्रबंधन, कांवड़ सेवा शिविरों की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और अपराध नियंत्रण जैसे अहम मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक व दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। पुलिस प्रशासन द्वारा मेले क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के साथ साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। साथ ही, शरारती तत्वों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। गोष्ठी में पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक खानपुर व उपनिरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी, ग्राम चौकीदार व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मेले के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।









