देहरादून

सम्पत्ति के विवाद के चलते कलयुगी माँ ने दी थी पुत्र की सुपारी, माँ समेत 3 गिरफ्तार

राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी, हत्या का खुलासा करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि बुधवार को जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी अर्जुन शर्मा की तिब्बती मार्किट में दिनदहाडे सीने पर गोली मारकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए अपने ही पुत्र की सुपारी देने वाली कलयुगी माँ समेत 2 और लोगो को गिरफ्तार किया है।

जीएमएस रोड स्थित प्रॉपर्टी का सौदा 14 करोड़ रुपये में तय होने व मृतक की माँ द्वारा सौदे के 8 करोड़ रुपये लेने के बावजूद अर्जुन शर्मा द्वारा प्रॉपर्टी पर न्यायालय से स्टे लेने से खिन्न अभियुक्तो द्वारा अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने को 12 लाख में सुपारी दी थी। वहीं पुलिस द्वारा आज तड़के सुबह दो अलग-अलग मुठभेड़ों में अर्जुन शर्मा को गोली मारने वाले 2 अभियुक्तो को भी गिरफ्तार किया गया था, जिनके द्वारा इस हत्या के सूत्रधारों तक पुलिस को पहुँचाया।

गौरतलब है कि कल बुधवार सुबह टेनिस खेल तिब्बती मार्किट के रास्ते वापिस आ रहे अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी अर्जुन शर्मा को वर्क स्कूटी सवार दो बदमाशों द्वारा सीने पर गोली मार दी थी, पुलिस द्वारा घायल अर्जुन शर्मा को अस्पताल पहुँचाया गया था जहां डॉक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

घटना के संबंध में मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा निवासी 41/1 बसन्त विहार देहरादून द्वारा अपनी सास बीना का 01- विनोद उनियाल, 02- संगीता उनियाल पत्नी विनोद उनियाल, 03- डॉ0 अजय खन्ना, एस०के० मैमोरियल हास्पिटल के साथ पैसों के लेने देन होने व इस बात को लेकर उनके पति अर्जुन शर्मा द्वारा विरोध करने के चलते उनके पति व उनकी सास के बीच विवाद था, जोकि कोर्ट में भी लंबित है। मृतक की पत्नी द्वारा अपनी सास सहित बाकी 3 लोगो पर उनके पति की हत्या करवाने का शक जताया था। मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर कोतवाली डालनवाला में धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

दिनदहाड़े शहर में हुई इस वारदात के बाद पुलिस कप्तान अजय सिंह द्वारा अभियुक्तो की धरपकड़ को अलग-अलग पुलिस टीम का गठन किया गया व शहर से लेकर देहात क्षेत्र में नाकेबंदी कर अभियुक्त की गिरफ्तारी को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया साथ ही घटना स्थल व उसके आस-पास के सीसीटीवी की फुटेज खंगालने पर एक स्कूटी सवार दो व्यक्तियों द्वाराअर्जुन शर्मा को गोली मारने की पुष्टि हुई।

पुलिस द्वारा दोनो अभियुक्तो की धरपकड़ को कल से ही चलाये जा रहे चेकिंग अभियान के क्रम में बुधवार देर रात रायपुर पुलिस द्वारा लाडपुर क्षेत्र में सीक्यूएआई तिराहे से आगे जंगल की ओर से आ रहे एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया तो उक्त व्यक्ति पुलिस टीम पर फायर करते हुए जंगल की ओर भाग गया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त के पैर में गोली लगी थी, पुलिस ने अभियुक्त राजीव उर्फ राजू(50) पुत्र अभय राम सिंह निवासी: 61/3 इन्द्रा कालोनी चक्खुवाला कोतवाली नगर देहरादून के पास से 315 बोर का एक तमंचा व खोखा कारतूस भी बरामद किया था।

वहीं डोईवाला पुलिस द्वारा आज गुरूवार तड़के सुबह चैकिंग के दौरान लालतप्पड चौकी के सामने बैरियर पर देहरादून की ओर से आ रही एक स्कूटी को रोकने पर स्कूटी सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस मुडकर देहरादून की ओर भागने का प्रयास करने लगा, पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर अभियुक्त पुलिस टीम पर फायर करते हुए पास स्थित बंद पडी बिरला फैक्ट्री के अन्दर भाग गया तथा अन्दर से पुलिस टीम पर फायर किया गया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त के पैर में गोली लगी थी। अभियुक्त पंकज राणा(52) पुत्र अभय राम सिंह निवासी: 61/3 इन्द्रा कालोनी चक्खुवाला कोतवाली नगर देहरादून के कब्जे से भी पुलिस ने 1 तमंचा, 01 जिंदा कारतूस तथा खोखा कारतूस बरामद किया था।

कप्तान अजय सिंह ने बताया कि दोनो अभियुक्त सगे भाई है व ग्राम देवीखाल, पो0 गुमखाल, कोटद्वार जिला पौडी गढवाल के रहने वाले हैं तथा वर्तमान में अपने परिवार के साथ चक्खुवाला कोतवाली क्षेत्र में रह रहे हैं। अभियुक्त पंकज राणा, विनोद उनियाल के पास ड्राइवर का काम करता है तथा अभियुक्त राजीव ऑटो चलाने का कार्य करता है। अजय सिंह ने बताया कि विनोद उनियाल, उनके परिचित डॉ0 अजय खन्ना व मृतक की माँ बीना शर्मा का मृतक अर्जुन शर्मा से प्रापर्टी व पैसों के लेने देन को लेकर विवाद चल रहा था तथा पूर्व में दोनो पक्षों द्वारा एक दूसरे के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कराये गये थे।

डॉ0 अजय खन्ना की अर्जुन शर्मा की माँ बीना शर्मा से जीएमएस रोड स्थित उनकी सम्पत्ति को खरीदने की एवज में 14 करोड रुपये मे डील हुई थी, जिसमें से अब तक 8 करोड रुपये अजय खन्ना द्वारा उसके द्वारा बीना शर्मा को दिये जा चुके थे पर अर्जुन शर्मा द्वारा उसकी माँ द्वारा बेची गई प्रापर्टी पर न्यायालय से स्टे ले लिया गया था। इतने पैसे देने के बाद व प्रापर्टी पर कब्जा न मिल पाने के कारण डॉ0 अजय खन्ना काफी परेशान चल रहा था तथा बीना शर्मा पर अपने पैसे वापिस देने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर माँ बेटे के बीच अक्सर विवाद व झगडा होता रहता। मृतक की माँ बीना शर्मा द्वारा द्वारा अपने पुत्र से खुद को असुरक्षित बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा प्राप्त की गई थी, जिसके चलते उनके साथ एक महिला कांस्टेबल रहती थी।

लम्बे समय से जीएमएस सम्पत्ति की एवज में पैसे देने के बावजूद अर्जुन शर्मा के स्टे के कारण संपत्ति पर मालिकाना हक न मिल पाने व अपने बेटे के द्वारा संपत्ति पर हक न छोड़ने से खिन्न अजय खन्ना, विनोद उनियाल व मृतक की माँ बीना शर्मा द्वारा अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया गया व उन लोगो के द्वारा दोनो अभियुक्त भाईयों को अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने के लिए 12 लाख की सुपारी दी। जिसमें से 03 लाख रू0 दोनों अभियुक्तों को एडवांस दे दिए गए थे,शेष पैसे काम होने के बाद दिए जाने थे। पैसों के लालच में दोनो अभियुक्तों द्वारा अर्जुन शर्मा की दिनचर्या की जानकारी की गई व कल बुधवार को घटना को अंजाम दिया गया।

कप्तान अजय सिंह ने बताया कि जांच मवे पुष्टि हुई है कि घटना से पूर्व तथा घटना के बाद अभियुक्त पंकज राणा द्वारा विनोद उनियाल से व्हट्सएप्प के माध्यम से सम्पर्क किया गया था तथा घटना के बाद रात्रि में अभियुक्त उसके घर भी गया था। विवेचना के दौरान गवाहों के बयानों से यह तथ्य प्रकाश में आये कि मृतक अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा द्वारा अर्जुन शर्मा के मैनेजर विजय से कुछ दिन पूर्व उसकी दिनचर्या के सम्बन्ध में जानकारी ली गई थी।

अभियुक्तों से पूछताछ व विवेचना के आधार पर पुलिस द्वारा हत्या के मुख्य साजिशकर्ता 1-बीना शर्मा पत्नी स्व० आर०सी शर्मा, निवासी 40/1 बसंत विहार, 2-विनोद उनियाल पुत्र घनश्याम उनियाल, निवासी गैलेक्सी लैक्सोटिका अपार्टमेंट, 31 इन्दर रोड डालनवाला, 3- अजय खन्ना, पुत्र जे०पी खन्ना निवासी: 12 ई०सी रोड, डालनवाला, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुठभेड में गिरफ्तार हत्याकाण्ड के दोनो मुख्य अभियुक्तों पंकज राणा व राजीव की पुलिस द्वारा न्यायालय से रिमाण्ड ली गया है।

Related Articles

Back to top button